बीकानेर, 6 सितंबर 2021 बीकानेर से दिल्ली के बाद अब कोलकाता के लिए भी हवाई सेवा शुरू हो सकती है। सब कुछ ठीक रहा तो इसी महीने में कोलकाता के लिए पहली फ्लाइट उड़ सकती है। यह जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल ने दी है। फिलहाल ये सेवा सप्ताह में कुछ दिन के लिए मिलेगी। जबकि यात्री भार बढ़ने की स्थिति में नियमित रूप से फ्लाइट उड़ सकती है।
मेघवाल ने इससे पहले एक कार्यक्रम में भी कहा था कि बीकानेर से कोलकाता के लिए एयर सर्विस शुरू करने के लिए स्टार एयरलाइंस से बात चल रही है। एयरलाइंस ने 15 से 20 दिन में पचास सीटर विमान बीकानेर से शुरू करने की योजना बनाई है। यह विमान बीकानेर से कोलकाता और इससे आगे भी उड़ाया जा सकता है, लेकिन फिलहाल ट्रायल के तौर पर कोलकाता तक ही चलेगा। कोलकाता से ही कनेक्टिंग फ्लाइट्स से बीकानेर के यात्री नार्थ ईस्ट कुछ घंटों में पहुंच सकते हैं। दरअसल, बीकानेर से कोलकाता, आसाम सहित नार्थ ईस्ट के यात्री बड़ी संख्या में है, जो फिलहाल बीकानेर से दिल्ली रेल से जाकर आगे फ्लाइट पकड़ते हैं।
दिल्ली सेवा भी प्रभावित
उधर, बीकानेर से दिल्ली चलने वाली फ्लाइट्स ही बाधित चल रही है। पहले प्रतिदिन चलने वाली ये सेवा अब सप्ताह में तीन दिन में सिमट गई है। ऐसा भी नहीं है कि इस फ्लाइट को यात्री नहीं मिल रहे थे। हर रोज 100 से ज्यादा यात्री बीकानेर-दिल्ली फ्लाइट का लाभ ले रहे थे, लेकिन अब सिर्फ तीन दिन रहने से ट्रेन का सहारा लेना पड़ रहा है।