बीकानेर, 7 दिसम्बर। नीट पीजी काउंसलिंग को लेकर रेजिडेंट्स डॉक्टर्स संपूर्ण हड़ताल पर है। ऐसे में इलाज हेतु पीबीएम अस्पताल पहुंच रहे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी परेशानी के चलते कुछ पेशेंट निजी हॉस्पिटलों की ओर रूख कर रहे हैं। हालांकि पीबीएम अस्पताल में सीनियर डॉक्टर्स की राउंड द ब्लॉक ड्यूटी लगाई गयी है परंतु मरीजों की तुलना में डॉक्टर कम होने के कारण सही व समय पर इलाज मिलना मुश्किल हो गया है। वहीं पीबीएम प्रशासन का कहना है कि रेजिडेंट्स डॉक्टर्स के हड़ताल पर चले जाने के कारण सीनियर डॉक्टर्स ने मोर्चा संभाल रखा है, ऐसे में इलाज को लेकर मरीज को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, यह भी जानकारी मिली है कि रेजिडेंट्स के हड़ताल पर चले जाने के कारण पीबीएम अस्पताल में भर्ती करीब ढाई हजार से अधिक मरीजों को छुट्टी देकर घर भेज दिया है। फिलहाल अस्पताल में उसी पेशेंट को रखा जा रहा है जिसकी स्थिति नाजुक है। इसके अलावा आपातकालीन ऑपरेशन किये जा रहे है, सामान्य ऑपरेशन वाले पेशेंट को बाद में आने का बोला जा रहा है।