मुंबई, 10 मई, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। श्रीलंका में आर्थिक संकट के बाद पैदा हुए हालात उसे सिविल वॉर की तरफ धकेलते नजर आ रहे हैं। बीते दिनों महिंदा राजपक्षे ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वो नेवी के एक बेस में परिवार समेत छिप गए हैं। बाहर प्रदर्शनकारी मौजूद हैं जो राजपक्षे को बाहर निकालने की मांग कर रहे हैं। उधर, हिंसा में 8 लोगो की मौत भी हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व PM महिंदा राजपक्षे और उनके परिवार ने पूर्वी श्रीलंका के त्रिंकोमाली नेवल बेस में पनाह ली है। उन्हें एक हेलिकॉप्टर के जरिए बेस तक ले जाया गया। इस बीच, श्रीलंका में जारी संकट के बीच भारत ने मदद का वादा किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि श्रीलंका में स्थिरता और आर्थिक सुधार के लिए भारत पूरी मदद करेगा। श्रीलंका के लिए भारत इस साल 3.5 बिलियन डॉलर (करीब 27 हजार करोड़ रुपए) की मदद भेज चुका है।
तो वही विपक्षी नेताओं ने महिंदा को गिरफ्तार करने की मांग की है। इनका कहना है कि महिंदा ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे लोगों को उकसाया और हिंसा भड़काई। आपको बता से प्रदर्शनकारियों ने बीते दिन हंबनटोटा में महिंदा राजपक्षे के पुश्तैनी घर को आग के हवाले कर दिया। वहीं, राजधानी कोलंबो में पूर्व मंत्री जॉनसन फर्नांडो को कार सहित झील में फेंक दिया गया। साथ ही अब तक 12 से ज्यादा मंत्रियों के घर जलाए जा चुके हैं। श्रीलंका 1996 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान अर्जुन रणतुंगा ने PM आवास पर हिंसा के लिए श्रीलंका पोडुजाना पेरामुना (SLPP) पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। रणतुंगा ने कहा कि SLPP ने ही लोगों की हिंसक भीड़ को इकट्ठा किया था। बीते दिन श्रीलंकाई सांसद अमरकीर्ति अथुकोरला की मौत की खबर भी सामने आई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमरकीर्ति ने प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग कर दी थी और बाद में भीड़ से बचने के लिए बिल्डिंग में छिप गए। यहीं से उनका शव बरामद हुआ है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि उनकी मौत किस वजह से हुई है।
श्रीलंका के अपडेट्स -
- कोलंबो में भीड़ ने पश्चिमी प्रांत के सीनियर DIG देशबंधु तेनाकून पर हमला किया। बाद में उनके वाहन में भी आग लगा दी गई।
- श्रीलंका में फंसे भारतीयों के लिए हेल्पलाइन नंबर +94-773727832 और ईमेल ID cons.colombo@mea.gov.in जारी की गई है।
- श्रीलंकाई सांसद जनक बंडारा तेनाकून के दांबुला स्थित घर में आग लगा दी गई।
- श्रीलंका बार एसोसिएशन ने लोगों को घरों से नहीं निकलने की अपील की।
- प्रदर्शनकारियों ने पूर्व मंत्री रोहिता अबेगुणवर्धने के आवास पर हमला किया।
- हिंसक प्रदर्शनों के बीच सोमवार को पूरे देश में कर्फ्यू लगा दिया गया।
- श्रीलंकाई सांसद अमरकीर्ति अथुकोरला की मौत