मुंबई, 21 मार्च, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने सुप्रीम कोर्ट में बताया कि उसने चुनाव आयोग को इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ी सारी जानकारी सौंप दी है। SBI ने कहा कि नई जानकारी में बॉन्ड्स के सीरियल नंबर भी शामिल हैं। पिछली बार इनकी जानकारी नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने SBI के चेयरमैन को फटकार लगाई थी। चुनाव आयोग ने भी नया डेटा अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। दरअसल, 18 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने SBI को आदेश दिया था कि 21 मार्च तक हर बॉन्ड का अल्फान्यूमेरिक नंबर और सीरियल नंबर, खरीद की तारीख और राशि सहित सभी जानकारियां दें। बैंक ने बुधवार को कोर्ट में एफिडेविट दाखिल कर दिया। SBI के चेयरमैन दिनेश कुमार खारा ने एफिडेविट में यह भी लिखा कि बैंक अकाउंट नंबर और KYC के अलावा कोई भी डिटेल नहीं रोकी गई है। सुरक्षा कारणों के चलते चंदा देने वालों और राजनीतिक दलों के KYC नंबर सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
चन्दा लेने वाली टॉप 10 पार्टियां - 
 
	
		
			| पार्टी | चंदा (करोड़ रुपए में) | 
		
			| बीजेपी | 6060 | 
		
			| तृणमूल | 1,609 | 
		
			| कांग्रेस | 1,421 | 
		
			| बीआरएस | 1,214 | 
		
			| बीजद | 775 | 
		
			| डीएमके | 639 
 | 
		
			| वाईएसआर कांग्रेस | 337 | 
		
			| तेलुगु देशम पार्टी | 218 | 
		
			| शिवसेना | 158 | 
		
			| राजद | 72.50 | 
	
 
आपको बता दें, CJI चंद्रचूड़ की बेंच ने कहा कि SBI जानकारियों का खुलासा करते वक्त सिलेक्टिव नहीं हो सकता। इसके लिए आप हमारे आदेश का इंतजार न करें। SBI चाहती है हम ही उसे बताएं किसका खुलासा करना है, तब वे बताएंगे। ये रवैया सही नहीं है। इससे पहले बेंच ने 11 मार्च के फैसले में SBI को बॉन्ड की पूरी डिटेल देने का निर्देश दिया था। हालांकि, SBI ने सिर्फ बॉन्ड खरीदने और कैश कराने वालों की जानकारी दी। इस बात का खुलासा नहीं किया गया था कि किस डोनर ने किस राजनीतिक पार्टी को कितना चंदा दिया। इसके बाद कोर्ट ने 16 मार्च को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को नोटिस देकर 18 मार्च तक जवाब मांगा था।
चन्दा लेने वाली टॉप 10 कंपनियां - 
 
	
		
			| कंपनी | चंदा (करोड़ रुपए में) | 
		
			| फ्यूचर गेमिंग और होटल सर्विसेज पीआर | 1,368 | 
		
			| मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड | 966 | 
		
			| क्विक सप्लाई चेन प्राइवेट लिमिटेड | 410 | 
		
			| वेदांता लिमिटेड | 400 | 
		
			| हल्दिया एनर्जी लिमिटेड | 377 | 
		
			| भारती ग्रुप | 247 | 
		
			| एस्सेल माइनिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड | 224 | 
		
			| वेस्टर्न यूपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड | 220 | 
		
			| केवेंटर फूडपार्क इंफ्रा लिमिटेड | 194 | 
		
			| मदनलाल लिमिटेड | 185 |